खबरें शेयर करें -

श्रमिकों के लिए बड़ी राहत: न्यूनतम वेतन बढ़ा, उद्योग नगरी में खुशी की लहर!

दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। उत्तराखण्ड सरकार के इंजीनियरिंग उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में वृद्धि के फैसले से ऊधम सिंह नगर समेत औद्योगिक क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। राज्य सरकार का यह निर्णय 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा, जिससे हजारों श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे श्रमिकों के लिए यह फैसला बड़ी राहत बनकर आया है। औद्योगिक जनपद ऊधम सिंह नगर में बड़ी संख्या में उद्योग संचालित हैं, जहां हजारों श्रमिक कार्यरत हैं। बीते दिनों विभिन्न श्रमिक संगठनों द्वारा वेतन वृद्धि को लेकर प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा रहे थे।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने भी शासन को पत्र भेजकर श्रमिकों की समस्याओं और न्यूनतम वेतन बढ़ाने की आवश्यकता से अवगत कराया था। इसके बाद सरकार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए श्रमिक हित में यह अहम निर्णय लिया।

सरकार के इस कदम से श्रमिकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ही उनके जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है। श्रमिक संगठनों ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और सराहनीय बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने कम समय में गंभीरता से समस्याओं का समाधान किया है।

श्रमिक प्रतिनिधियों का कहना है कि वेतन वृद्धि का यह निर्णय न केवल श्रमिकों के हित में है, बल्कि इससे औद्योगिक शांति और उत्पादन क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार श्रमिक कल्याण के लिए ऐसे ही सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।

उत्तराखंड