खबरें शेयर करें -

कैंट चुनाव एक साल के लिए टले
कार्यकाल बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता गोपाल नाथ!
रानीखेत। छावनी बोर्ड के चुनावों में अब एक वर्ष की और देरी हो गई है। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिन छावनी बोर्डों का कार्यकाल 10 फरवरी 2026 को समाप्त होना था, उनका कार्यकाल एक वर्ष या उससे अधिक समय तक बढ़ाया जाएगा। इसके तहत रानीखेत कैंट के एकल सदस्य मोहन नेगी का कार्यकाल भी एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है, जो उनका छठा कार्यकाल होगा।
मोहन नेगी अब तक दो चुनाव जीत चुके हैं और लगभग 19 वर्षों से इस पद पर कार्यरत हैं। उनके कार्यकाल में कई बार समयवृद्धि की जा चुकी है और अब एक बार फिर उन्हें एक साल का अतिरिक्त कार्यकाल मिला है। इस निर्णय से रानीखेत कैंट के नागरिकों में एक ओर जहां स्थिरता का एहसास हुआ है, वहीं चुनावों में हो रही लगातार देरी को लेकर असंतोष भी बना हुआ है।
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि जिन 56 छावनी बोर्डों की कार्यावधि 10 फरवरी 2026 को समाप्त हो रही है, उनका कार्यकाल तब तक बढ़ाया जाएगा, जब तक धारा 12 के तहत नए बोर्डों का गठन नहीं हो जाता। लंबे समय से कई छावनी बोर्ड भंग हैं और उनकी कमान विकल्पी बोर्डों के अधीन है, जहां प्रशासक बोर्ड अध्यक्ष और सीईओ का कार्यभार संभालते हैं। इसके साथ ही एक मनोनीत एकल सदस्य की व्यवस्था भी लागू है।
चुनावों में लगातार देरी और प्रशासनिक बदलावों के चलते पेयजल, सफाई और निर्माण जैसे बुनियादी कार्यों को लेकर अनिश्चितता और शिकायतें बढ़ी हैं। नागरिकों की चिंता इस बात को लेकर भी है कि कहीं नागरिक क्षेत्रों को निकटवर्ती नगर पालिकाओं या शहरी स्थानीय निकायों को सौंप न दिया जाए, जबकि सैन्य क्षेत्र सैन्य स्टेशनों के रूप में ही बने रहें।
अब एक साल की समयवृद्धि के साथ नागरिकों को उम्मीद है कि अगले डेढ़ साल के भीतर चुनाव कराए जाएंगे और छावनी बोर्डों से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों का समाधान हो सकेगा।