खबरें शेयर करें -

चुनाव से पहले गदरपुर विधायक को घेरने की साजिश! अरविंद पांडे के समर्थन में उतरे सरदार मेजर सिंह संधू!
दर्पण न्यूज 24/7 | बाजपुर।
गदरपुर विधायक अरविंद पांडे पर लगाए जा रहे आरोपों को सोची-समझी राजनीतिक साजिश बताते हुए उत्तराखंड कबड्डी फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार मेजर सिंह संधू ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह बातें बुधवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहीं।
मेजर सिंह संधू ने कहा कि अरविंद पांडे एक साफ-सुथरी और बेदाग छवि के नेता हैं, जिनके साथ उन्होंने लंबे समय तक निकटता से काम किया है। उन्होंने कभी किसी धर्म, जाति या समाज के बीच वैमनस्य फैलाने का प्रयास नहीं किया और न ही किसी की जमीन-जायदाद पर अवैध कब्जा किया है।
उन्होंने आरोपों के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल के चार-पांच दिनों में अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा एक साथ लगाए गए आरोप स्वाभाविक नहीं लगते और यह पूरी तरह पूर्व नियोजित रणनीति प्रतीत होती है। यदि वास्तव में जमीन या किसी अन्य मामले में वर्षों पुराना विवाद होता, तो यह मुद्दा पहले क्यों नहीं सामने आया?
मेजर सिंह संधू ने बताया कि वे स्वयं संजय बंसल के भी निकट हैं और आज तक उनसे इस प्रकार के किसी विवाद या शिकायत की चर्चा नहीं हुई। इसी तरह बड़पुरा क्षेत्र से जुड़े मामलों को लेकर भी उन्होंने संदेह जताया कि संबंधित लोग अरविंद पांडे या उनके निकटस्थों से कभी सीधे बात तक नहीं कर पाए, लेकिन अचानक मीडिया के सामने आरोप लगाने लगे।
उन्होंने कहा कि अरविंद पांडे शुरू से ही एक स्पष्टवादी नेता रहे हैं। अवैध खनन, ओवरलोड डंपरों और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ उन्होंने खुलकर आवाज उठाई है। संभव है कि इसी कारण कुछ प्रभावशाली लोग उनसे नाराज हों और चुनाव से पहले उन्हें कमजोर करने के लिए इस तरह का माहौल बनाया जा रहा हो।
सीबीआई जांच की मांग पर बोलते हुए मेजर सिंह संधू ने कहा कि यदि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करानी है तो जिन लोगों पर सीधे आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें जांच अवधि के दौरान पद से अलग किया जाना चाहिए, तभी सच्चाई सामने आ सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति का नाम इस प्रकरण में लिया जा रहा है, उसने कोई लिखित बयान नहीं छोड़ा है और केवल मौखिक बातों के आधार पर इतने गंभीर आरोप खड़े करना न्यायसंगत नहीं है।
प्रेस वार्ता के अंत में सरदार मेजर सिंह संधू ने कहा कि वे भाजपा से जुड़े हैं और मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री तथा पार्टी नेतृत्व पर उन्हें पूर्ण विश्वास है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और साजिश रचने वालों को बेनकाब किया जाए।
इस अवसर पर खेम सिंह दानू, सुखजीत, तेजेंद्र चीमा, दलजीत गिल, करन चीमा, मनजीत सिंह, गुरदीप सिंह, जोत गिल, तरन चीमा, चरणजीत, यश सहित कई लोग मौजूद रहे।