2.65 करोड़ से संवरेगा छोटा कैलाश!
धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगी भोलेनाथ की तपस्थली!
दर्पण न्यूज 24/7 भीमताल। ब्लॉक अंतर्गत पिनरो गांव स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश शिव मंदिर को अब धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत ढांचे के विकास के लिए शासन ने 2.65 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा तैयार की गई 2.65 करोड़ रुपये की डीपीआर को शासन से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। योजना के तहत मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सौंदर्यीकरण, पर्यटक सुविधाओं का विस्तार तथा आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बना सकेगा।
बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छोटा कैलाश मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की घोषणा की थी। इसके बाद कुमाऊं मंडल विकास निगम ने प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
छोटा कैलाश मंदिर में प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि पर विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचते हैं। योजना के लागू होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया, मंदिर समिति अध्यक्ष महिपाल सम्मल, त्रिलोचन पलड़िया समेत क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री धामी और कैबिनेट मंत्री कैड़ा का आभार जताया है। वहीं कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने कहा कि आने वाले समय में छोटा कैलाश को आदि कैलाश की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
