खबरें शेयर करें -

अग्निवीर योजना के खिलाफ कांग्रेस का सड़क पर उतरकर हल्लाबोल।
लालकुआँ में पदयात्रा व विशाल जनसभा, शहीदों के परिजनों का सम्मान, सरकार से योजना वापसी की मांग।
लालकुआँ दर्पण न्यूज 24/7
केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग की ओर से बिन्दुखत्ता स्थित शहीद स्मारक के पास विशाल जनसभा और पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अग्निवीर योजना को युवाओं और देश की सुरक्षा के लिए भविष्य का बड़ा खतरा बताया।
सभा के दौरान सीमा पर शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि चार वर्षों की अस्थायी सैन्य सेवा सेना जैसी अनुशासित और पेशेवर संस्था को कमजोर करेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में न तो पेंशन का प्रावधान है और न ही दीर्घकालिक सामाजिक सुरक्षा, जिससे चार साल बाद युवा बेरोजगारी और अनिश्चित भविष्य की ओर धकेले जाएंगे।
वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सेना में स्थायी भर्ती व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय भाजपा सरकार ने ठेके जैसी भर्ती प्रणाली लागू कर दी है। इससे सैनिक परिवारों में असंतोष और चिंता बढ़ी है। उन्होंने मांग की कि अग्निवीर योजना को तत्काल वापस लेकर सेना में नियमित भर्ती, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक योजना वापस नहीं ली जाती, कांग्रेस हर लोकतांत्रिक मंच पर इसका विरोध जारी रखेगी।
कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के जिला अध्यक्ष कुंदन मेहता ने कहा कि अग्निवीर योजना देश के युवाओं के साथ अन्याय है और उनके भविष्य के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशहित में पहले की तरह नियमित सैन्य भर्ती व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिलवाल, वरिष्ठ नेता हरेन्द्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, प्रमोद कालौनी, महिला नेत्री बिना जोशी, खजान पाड़े, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल, इन्द्रपाल आर्य, भुवन पाड़े, पुष्कर दानू, गिरधर बम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता हरीश बिसौती ने किया।