खबरें शेयर करें -

अंकिता हत्याकांड की हो सीबीआई जांच, ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ भाजपा का खोखला नारा: यशपाल आर्य।
लालकुआँ (दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो)।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला द्वारा सोशल मीडिया पर कथित वीआईपी का नाम उजागर किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए मामले की सीबीआई जांच और भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है।
अग्निपथ योजना के विरोध कार्यक्रम में लालकुआँ पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। राज्य में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर खतरे में है और सत्ता पक्ष इस पर मौन साधे हुए है।
यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा के पदाधिकारी और नेता जनहित के कार्यों की बजाय गलत गतिविधियों में लिप्त पाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को उजागर करने में जहां राज्य की पुलिस नाकाम रही, वहीं मामले को उलझाने के लिए कमरे का नाम ही वीआईपी बता दिया गया।
उन्होंने कहा कि अब पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला सनावर और भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ के बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में अपराध और अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए ताकि सच सामने आ सके और दूध का दूध, पानी का पानी हो। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज और महिला सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। दोषियों को सजा दिलाने तक कांग्रेस अपनी लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रखेगी।