कांग्रेस विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला, नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटकर किया गंभीर घायल!
रुद्रपुर में सनसनी, ICU में भर्ती पार्षद सौरभ राज बेहड़, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)।
उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे एवं नगर निगम पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से सौरभ पर बर्बरतापूर्वक हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घर से निकलते ही किया हमला
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम सौरभ राज बेहड़ अपने आवास से पुलिस चौकी जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे आवास विकास क्षेत्र पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बिना कुछ कहे हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले में सौरभ संभल भी नहीं पाए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
समझौते के बहाने बुलाकर हमले का आरोप
किच्छा से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ ने घटना को सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को एक मामले में समझौते के बहाने चौकी बुलाया गया था। इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला हुआ। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे अपने समर्थकों के साथ खुद हमलावरों को तलाशने निकलेंगे।
भाजपा नेता से विवाद की चर्चा, सियासी माहौल गरमाया
सूत्रों के मुताबिक, सौरभ राज बेहड़ का कुछ दिन पहले एक भाजपा नेता से विवाद हुआ था। उसी प्रकरण में सुलह-समझौते के लिए उन्हें चौकी बुलाया गया था। घटना के बाद शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, मेयर विकास शर्मा और रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा अस्पताल पहुंचे और सौरभ का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। चिकित्सकों की टीम सौरभ की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
