खबरें शेयर करें -

लालकुआँ में हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन, बांग्लादेश का पुतला फूंका,
हिंदुओं पर अत्याचार का विरोध, भारत सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग!
दर्पण न्यूज 24/7    लालकुआँ।
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में देशभर में चल रहे आंदोलनों के क्रम में सोमवार को लालकुआँ में भी हिंदूवादी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालते हुए कोतवाली चौराहे पर बांग्लादेश का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
बजरंग दल के प्रखंड मंत्री पिंकू चंद्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर गहरा रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वहां की घटनाओं से पूरे देश का हिंदू समाज आक्रोशित है और इस प्रकार की हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद योजनाबद्ध तरीके से सरकार के संरक्षण में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्मादी भीड़ और हिंसा किसी भी देश का भला नहीं कर सकती। यदि बांग्लादेश सरकार ने हालात पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
हिंदूवादी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि बांग्लादेश सरकार हिंदू समाज को कमजोर समझने की भूल न करे। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही हिंसा में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के दौरान शोवित त्यागी, अनिल मलकानी, राधेश्याम यादव, विक्रम राणा, मन्नू गोस्वामी, बोबी संबंल, गोविंद राणा, अरुण जोशी, विजय शर्मा, मनोज गुप्ता, दिनेश आर्य, नितेश शर्मा, रजनीश कुमार, विकास गुप्ता, अभिषेक झा, आकाश माथुर सहित बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उत्तराखंड