अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में पर्याप्त है पेट्रोल-डीजल : एपी बाजपेई सिटी मजिस्ट्रेट।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। नैनीताल जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया, जहां ईंधन आपूर्ति सामान्य पाई गई। जिले के सभी 99 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रशासन लगातार हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम समेत सभी तेल कंपनियों और डीलरों के संपर्क में है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
