खबरें शेयर करें -

“उत्तरायणी महापर्व की तैयारियां तेज—भक्ति, परंपरा और सुरक्षा के साए में सजेगा बागेश्वर”
दर्पण न्यूज 24/7 | बागेश्वर
उत्तरायणी मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में जिला सभागार में बुधवार को मेला प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, अग्निशमन सहित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तरायणी मेला जनपद की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है, इसलिए श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई व लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही पानी व शौचालयों के लिए स्पष्ट साइनेज लगाने पर जोर दिया ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने, हेल्प डेस्क स्थापित करने, रेन बसेरों की व्यवस्था करने तथा मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को संबंधित सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग को पुलों के किनारों पर कंटीले तार लगाने तथा भार क्षमता से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालय एवं सरयू-बगड़ क्षेत्र में बड़े चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के निर्देश मिले। वहीं पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पुलिस अधीक्षक चंद्र शेखर घोड़के, सीडीओ आर.सी. तिवारी, एडीएम एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड