खनन वाहनों की मनमानी से शहीद स्मारक तिराहा बना दुर्घटना स्थल, जिलाधिकारी के निर्देश भी बेअसर
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।
जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बावजूद लालकुआं निकाशी गेट से गुजरने वाले खनन वाहनों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। हालत यह है कि लालकुआं के जड़ सेक्टर के पास स्थित शहीद स्मारक तिराहा इन दिनों दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना स्थल बनता जा रहा है। सड़क पर बिखरी रोड़ी और बजरी के कारण आए दिन बाइक और स्कूटी सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार महकमे अब तक पूरी तरह बेखबर दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निकाशी गेट से गुजरने वाले खनन वाहनों से लगातार रोड़ी-बजरी सड़क पर गिरती रहती है। समय रहते इसकी सफाई नहीं होने से सड़क पर फिसलन की स्थिति बन जाती है, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने पहले ही खनन वाहनों को ओवरलोडिंग से बचने और सड़क पर गिरने वाली सामग्री को लेकर सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा। परिणामस्वरूप आम लोगों की जान जोखिम में पड़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहीद स्मारक तिराहा क्षेत्र में तत्काल सफाई कराई जाए और खनन वाहनों पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि सड़क पर रोड़ी-बजरी गिरने की समस्या पर अंकुश लगाया जा सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेते हैं और आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
