आरटीआई का असर: जिला अस्पताल में लगा नया सिटीजन चार्टर, मरीजों को मिलेगी राहत।
अल्मोड़ा।
सूचना के अधिकार (आरटीआई) के प्रभाव से आखिरकार पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय में आम जनता को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से उठाई जा रही मांग पर कार्रवाई करते हुए अस्पताल के मॉल रोड स्थित मुख्य द्वार पर, लिफ्ट के पास नया सूचना पट (सिटीजन चार्टर) स्थापित कर दिया गया है।
यह पहल अल्मोड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पांडे के लगातार प्रयासों का परिणाम है। बताया जाता है कि अस्पताल में लगा पुराना सूचना पट कई वर्षों से अपडेट नहीं किया गया था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को सही जानकारी प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
अब नए सिटीजन चार्टर के माध्यम से अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को विभिन्न विभागों, कक्ष संख्या और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की अद्यतन जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेगी।
हालांकि यह एक छोटा कदम प्रतीत होता है, लेकिन इससे आमजन को बड़ी सुविधा मिलेगी। यह मामला इस बात का उदाहरण भी है कि यदि जनहित के मुद्दों को लगातार और मजबूती से उठाया जाए, तो व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है।
