खबरें शेयर करें -

 आबकारी के दावों की खुली पोल, पुलिस की कार्रवाई में खुल रहा अवैध शराब का काला खेल!
लालकुआं। आबकारी विभाग भले ही अवैध शराब पर अंकुश लगाने के दावे कर रहा हो, लेकिन हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही पुलिस कार्रवाइयां इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही हैं।
मंगलवार को लालकुआं कोतवाली की हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान 188 टेट्रा पैक देशी अंगूरी शराब के साथ एक और तस्कर को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि यह भी उजागर करती है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार किस कदर पैर पसार चुका है।
गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025” के तहत पुलिस लगातार अभियान चलाकर तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसके बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर यह अवैध शराब कहां से आ रही है और इसे रोकने की जिम्मेदारी निभाने वाला आबकारी विभाग आखिर क्या कर रहा है?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में कई जगहों पर लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है। पुलिस समय-समय पर कार्रवाई कर तस्करों को पकड़ रही है, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से अपेक्षित सख्ती नजर नहीं आ रही। यही कारण है कि तस्करों के हौसले बुलंद हैं और यह धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जहां अवैध कारोबार की सच्चाई उजागर कर रही है, वहीं आबकारी विभाग की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े कर रही है। अब जरूरत इस बात की है कि दोनों विभाग मिलकर समन्वित रूप से सख्त कदम उठाएं, ताकि क्षेत्र को नशे के इस जाल से मुक्त किया जा सके।