








इफको के मृदा परीक्षण अभियान से जुड़ें किसान, मिलेगा बेहतर उत्पादन का लाभ! मोहन दुर्गापाल।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। इफको के तत्वावधान में चल रहे मृदा परीक्षण अभियान के तहत बहु उद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति हल्दूचौड़ द्वारा क्षेत्रीय किसानों को जागरूक किया जा रहा है। बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति हल्दूचौड़ के अध्यक्ष मोहन दुर्गापाल ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए समय पर मिट्टी परीक्षण कराना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मिट्टी परीक्षण से खेत में उपलब्ध पोषक तत्वों की सटीक जानकारी मिलती है, जिससे फसल के अनुरूप संतुलित उर्वरक उपयोग की सलाह प्राप्त होती है। इससे जहां उत्पादन में वृद्धि होती है, वहीं अनावश्यक खर्च में भी कमी आती है।
अध्यक्ष दुर्गापाल ने मिट्टी का नमूना लेने की सही विधि भी बताई। उन्होंने कहा कि किसान अपने खेत के 4 से 5 स्थानों से 6 से 8 इंच की गहराई से मिट्टी लें और सभी नमूनों को मिलाकर साफ थैली में भरकर जमा करें।
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अपने खेत की मिट्टी का नमूना जमा करें, ताकि समय पर परीक्षण रिपोर्ट मिल सके और सही उर्वरकों के प्रयोग से बेहतर फसल उत्पादन लिया जा सके। अधिक जानकारी के लिए किसान मोबाइल नंबर 7505797985 पर संपर्क कर सकते हैं।
