खबरें शेयर करें -

धूमधाम से मनी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को लालकुआं नगर में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
अम्बेडकर जन सेवा समिति के तत्वावधान में प्रातः अम्बेडकर नगर स्थित अम्बेडकर पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान “जय भीम” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
समाजसेवी मुकेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं तथा स्कूली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा का समापन पुनः अम्बेडकर पार्क में हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी चंद्रिका बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रूपा देवी, वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेन्द्र बोरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया।