हल्द्वानी बस अड्डा: आवारा कुत्तों का बढ़ता खौफ, यात्रियों में दहशत।
हल्द्वानी। शहर के मुख्य बस अड्डे में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात से लेकर तड़के सुबह तक बस अड्डे परिसर में कुत्तों के झुंड घूमते देखे जा रहे हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
यात्रियों का कहना है कि कई बार कुत्ते अचानक यात्रियों पर भौंकते या दौड़ाते हुए दिख जाते हैं, जिससे खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-सुबह बस पकड़ने वाले स्कूली बच्चों व कामकाजी लोगों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक बन रही है।
दुकानदारों ने बताया कि रात में दुकानें बंद होने के बाद कुत्तों के झुंड बढ़ जाते हैं और कई बार आपस में लड़ाई करते हुए भी देखे जाते हैं, जिससे असुरक्षा की स्थिति पैदा होती है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम व प्रशासन से बस अड्डे परिसर में कुत्तों को नियंत्रित करने, नसबंदी अभियान तेज करने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है ताकि यात्रियों को निर्भय व सुरक्षित वातावरण मिल सके।
यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
