खबरें शेयर करें -

चलती ट्रेन से महिला को दोस्त ने धक्का दिया! गंभीर हालत में मिली, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता : प्रमोद बमेटा, दर्पण न्यूज़ 24×7

हल्द्वानी/रुद्रपुर। नैनीताल घूमकर लौट रही रुद्रपुर निवासी एक महिला के साथ हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को दहलाकर रख दिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्त ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

शनिवार सुबह हल्दी–छतरपुर रेलवे ट्रैक के पास स्थानीय लोगों ने एक महिला को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, जिसके बाद घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पंतनगर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला से पूछताछ की। अर्द्ध-बेहोशी की हालत में उसने अपना नाम फरजाना, निवासी रुद्रपुर बताया। फरजाना ने बताया कि छह माह पूर्व उसके पति मोहम्मद अली का निधन हो चुका है। कुछ दिन पहले वह अपने एक दोस्त के साथ नैनीताल घुमने गई थी। शनिवार सुबह दोनों हल्द्वानी से रुद्रपुर आने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे।

आरोप है कि रुद्रपुर पहुंचने से पहले उसके दोस्त ने अचानक उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल होकर पटरी के पास जा गिरी।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई।
सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि, “महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।”

घटना ने रेलवे सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में सक्रिय हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड