आर्थिक तंगी और बीमारी बनी कत्ल की वजह: हल्द्वानी में भाई-भाई का खौफनाक अंजाम, 4 घंटे में खुलासा!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी के बरेली रोड क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी और छोटे भाई की बीमारी से मानसिक रूप से परेशान बड़े भाई ने शराब के नशे में गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना 03 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड स्थित एक मकान में हुई। बताया गया कि आरोपी संदीप जायसवाल का अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान सोनू को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर मात्र चार घंटे के भीतर आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से .32 बोर का रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से जमानत पर चल रहा था। छोटे भाई की लंबे समय से खराब तबीयत और इलाज के लिए पैसों की कमी के चलते वह मानसिक तनाव में था। इसी तनाव में उसने शराब पी और गुस्से में आकर मारपीट कर दी, जिससे भाई की जान चली गई।
बरामद अवैध हथियार के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
