खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: कांग्रेस नेता समेत चार की मौत, दो गंभीर घायल!

अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा थाना क्षेत्र के बलिया इलाके में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह बिलवाल समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी के हायर सेंटर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार (यूके-04Z-5819) बलिया क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क से पलटते हुए नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जो ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना प्रभारी प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गोपाल सिंह और सचिन को एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी रेफर कर दिया।

दुर्घटना में पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह बिलवाल (40), जगदीश सिंह (35), पूर्व प्रधान लछम सिंह (56) और ग्राम प्रहरी पान सिंह (55) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या अन्य किसी कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत नेता राजेंद्र सिंह बिलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज सहित कई जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।

उत्तराखंड