खबरें शेयर करें -

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आदर्श प्रेस क्लब का भव्य सम्मान समारोह।

चिकित्सा, शिक्षा, गौसंरक्षण, खेल और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियां होंगी सम्मानित।

हल्दूचौड़। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आगामी 30 मई को आदर्श प्रेस क्लब द्वारा पूर्व सैनिक सभागार, डूंगरपुर हल्दूचौड़ में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, गौसंरक्षण, खेल तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रेरणादायी कार्य करने वाली अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

आदर्श प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह को क्षेत्र का एक गरिमामयी सामाजिक आयोजन माना जा रहा है, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को मंच देकर उनके योगदान को सम्मानित किया जाएगा।

सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, गौ धाम के व्यवस्थापक रामेश्वर दास, सीएचसी हल्दूचौड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कन्याल, वरिष्ठ पत्रकार भगवान सिंह गंगोला एवं रमाकांत पंत शामिल हैं।

इसके अलावा खेल जगत से पैरा ओलंपिक चैंपियन भुवन गुणवंत, इंटरनेशनल एथलीट रघुवर दत्त जोशी तथा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट हरीश शर्मा को भी सम्मानित किया जाएगा। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय युवा समाजसेवी शुभम अंडोला समेत कई अन्य हस्तियों को भी समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा।

आदर्श प्रेस क्लब पदाधिकारियों के अनुसार हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल पत्रकारिता के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि समाज के उन नायकों को पहचान देने का भी दिन है, जो निस्वार्थ भाव से समाजहित में कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड