“युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! उत्तराखंड में 398 पदों पर भर्ती का ऐलान, जानिए पूरी डिटेल”
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधीनस्थ सिविल एवं कुटुम्ब न्यायालयों में समूह ‘ग’ के 398 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कनिष्ठ सहायक के 259 तथा स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के 139 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 06 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत सिविल न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक के 230, कुटुम्ब न्यायालयों में 29, सिविल न्यायालयों में आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के 128 तथा कुटुम्ब न्यायालयों में 11 पद भरे जाएंगे।
कनिष्ठ सहायक पदों के लिए वेतनमान लेवल-03 के अंतर्गत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक निर्धारित किया गया है। वहीं स्टेनोग्राफर एवं वैयक्तिक सहायक पदों के लिए लेवल-05 और लेवल-07 के अनुसार आकर्षक वेतनमान मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू होकर 06 जुलाई 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र में संशोधन 08 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक किया जा सकेगा। भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा आरक्षण से संबंधित प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
युवा अभ्यर्थियों के लिए यह न्यायिक सेवा से जुड़ने और सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
