जल जीवन मिशन में हल्द्वानी के गांव बने मिसाल कई गांवों की फजीहत ।
केंद्रीय नोडल अधिकारी टीम की सख्त समीक्षा, ग्राम प्रधान मुकेश दुमका बोले— “कमियां दूर हों, तभी मजबूत होगी योजना”।
को
हल्द्वानी (नैनीताल)।
जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित केंद्रीय नोडल अधिकारी (CNO) की टीम ने 15 दिसंबर 2025 को विकासखंड हल्द्वानी की ग्राम पंचायत हरिपुर शिवदत्त एवं बमेठाबंगर खीमा में जल जीवन मिशन (JJM) के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों गांवों में पेयजल आपूर्ति को सुचारू पाया गया।
योजनाओं का गहन निरीक्षण
सीएनओ टीम ने पेयजल योजनाओं के पम्प गृह, पाइप लाइन, ऊँचे जलाशय एवं घरेलू नल संयोजनों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों से सीधा संवाद कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी गई।
जन सहभागिता पर दिया गया विशेष जोर
केंद्रीय नोडल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन का मूल उद्देश्य हर घर नल से जल के साथ-साथ योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस दिशा में दोनों ग्राम पंचायतों के प्रयासों को टीम ने सराहा।
ग्राम प्रधान मुकेश दुमका का सशक्त बयान
ग्राम पंचायत बमेठाबंगर खीमा के ग्राम प्रधान मुकेश दुमका ने कहा—
> “जल जीवन मिशन से हमारे गांव के अधिकांश परिवारों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिली है, लेकिन कुछ स्थानों पर अधूरे कार्य और तकनीकी खामियों के कारण योजना बदनाम भी हो रही है। ऐसे सभी लंबित और अधूरे कार्यों में अविलंब सुधार किया जाना बेहद जरूरी है। जब तक हर घर तक नियमित और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक मिशन का उद्देश्य पूरा नहीं माना जा सकता। ग्रामीण इस योजना के साथ खड़े हैं, बस जरूरत है कि कमियों को समय रहते दूर किया जाए।”
अधिकारियों ने जताई संतुष्टि, सुधार का भी दिया भरोसा
स्थलीय निरीक्षण के दौरान सीएनओ टीम ने कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति को सराहनीय बताया। साथ ही अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि जहां-जहां तकनीकी या क्रियान्वयन संबंधी कमियां सामने आई हैं, वहां शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी व जनप्रतिनिधि
टी. रोऊमन पाते – केंद्रीय नोडल अधिकारी
मोहम्मद अरसद – एएचएफ, यूआर देहरादून
विशाल सक्सेना – अधीक्षण अभियंता, उ0 ज0 सं0, वृत्त हल्द्वानी
अजय कुमार – अधिशासी अभियंता
ललित मोहन ऐठानी सहायक अभियंता
शेखर रौतेला – सहायक अभियंता
नरेंद्र सिंह धामी एवं एस.के. दुर्गापाल – कनिष्ठ अभियंता
मुकेश दुमका – ग्राम प्रधान, बमेठाबंगर खीमा
केशव पंत – ग्राम प्रधान, हरिपुर शिवदत्त
जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की यह समीक्षा जहां उपलब्धियों को दर्शाती है, वहीं कमियों को दूर कर योजना को और प्रभावी बनाने की जरूरत पर भी जोर देती है।
