खबरें शेयर करें -

हनुमान मंदिर चौराहे का होगा चौड़ीकरण, जाम से मिलेगी राहत, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जनता से मांगा सहयोग!

दर्पण न्यूज 4/7 | हल्दूचौड़। हनुमान मंदिर रोड स्थित चौराहे के चौड़ीकरण कार्य के कारण आवागमन प्रभावित होने से क्षेत्रवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब इस संकरे हो चुके चौराहे का चौड़ीकरण शुरू कर दिया गया है, जिससे भविष्य में जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया और क्षेत्रवासियों से कुछ दिनों तक संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह जनहित का कार्य है और थोड़े समय की असुविधा के बाद लोगों को बेहतर और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि चौराहे को चौड़ा करने के लिए पुराने बिजली के पोल हटाकर नए पोल लगाए जा रहे हैं। साथ ही बिजली और इंटरनेट की लाइनें भी जल्द नए पोल पर शिफ्ट की जाएंगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद चौराहे पर वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी।

विजय रोहित दुमका ने कहा कि माननीय विधायक के प्रयासों से इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और मशीन चालकों का सहयोग करने तथा अफवाहों से बचने की भी अपील की।

उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित समय में कार्य पूरा होने के बाद हल्दूचौड़ के हनुमान मंदिर रोड चौराहे पर यातायात व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर और सुरक्षित होगी!

उत्तराखंड