








हर की पौड़ी विवाद: ओवैसी के बयान पर संत समाज का तीखा प्रतिकार, महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश ने दी कड़ी नसीहत!
हरिद्वार | दर्पण न्यूज 24/7
उत्तराखंड के पावन तीर्थ हर की पौड़ी को लेकर उठे विवाद ने अब सियासी और धार्मिक रंग ले लिया है। गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर लगाए गए पोस्टर और बोर्ड के विरोध में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान के बाद संत समाज में तीव्र नाराजगी देखने को मिल रही है।
हरिद्वार स्थित प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने ओवैसी के बयान को दोहरा मापदंड बताते हुए कड़ा प्रतिरोध दर्ज कराया है।
“हिंदू तीर्थों पर ही क्यों संविधान की याद?”
महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब बात हिंदू तीर्थों की मर्यादा और परंपरा की आती है, तभी संविधान की दुहाई दी जाती है।
उन्होंने कहा—
“क्या मक्का-मदीना या मस्जिदों में गैर-मुस्लिमों को धार्मिक स्वतंत्रता है? अगर नहीं, तो हिंदू तीर्थों पर ही सवाल क्यों?”
“हर की पौड़ी की गरिमा और परंपरा की रक्षा हमारा अधिकार”
स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने स्पष्ट किया कि हर की पौड़ी हिंदुओं का परम पवित्र तीर्थ है।
उन्होंने कहा कि इसकी गरिमा, सुरक्षा और परंपराओं की रक्षा करना हिंदू समाज का संवैधानिक और धार्मिक अधिकार है।
महामंडलेश्वर ने यह भी बताया कि यह कोई नया नियम नहीं है—
1916 के नगर पालिका उपनियमों और
ब्रिटिश कालीन गजट नोटिफिकेशन में भी इस प्रकार के प्रावधान मौजूद रहे हैं।
धार्मिक मामलों में राजनीति से दूरी की नसीहत!
महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने AIMIM प्रमुख को धार्मिक मुद्दों पर राजनीति से बचने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि इस विषय को हिंदू-मुस्लिम चश्मे से देखना सामाजिक सौहार्द के लिए घातक हो सकता है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का भी बयान
विवाद पर उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा—
“अगर कोई मुस्लिम गंगा स्नान कर पवित्र होकर सनातन धर्म की ओर आना चाहता है, तो उसका स्वागत होना चाहिए, विरोध नहीं।”
बयानबाजी जारी, विवाद थमने के आसार नहीं
हर की पौड़ी को लेकर धार्मिक भावनाओं और राजनीतिक बयानों का यह सिलसिला लगातार तेज होता जा रहा है। संत समाज जहां तीर्थों की परंपरा और मर्यादा की रक्षा की बात कर रहा है, वहीं राजनीतिक दल अपने-अपने तर्कों के साथ मैदान में हैं।
👉 दर्पण न्यूज 24/7 इस मुद्दे से जुड़ी हर अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।
