खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी में ‘पति-पत्नी और वो’ का हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रेमिका से चैटिंग पकड़े जाने पर पत्नी ने कोतवाली में किया हंगामा!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। शहर कोतवाली में ‘पति-पत्नी और वो’ का एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक महिला ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ मोबाइल पर चैटिंग करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि महिला न्याय की मांग को लेकर सीधे कोतवाली पहुंच गई और वहीं धरने पर बैठ गई।
घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के बस स्टेशन के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यहां रहने वाले एक टैक्सी चालक की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। शनिवार को उसकी पत्नी हाथ में मोबाइल और चैटिंग के स्क्रीनशॉट जैसे सबूत लेकर कोतवाली स्थित महिला सेल पहुंच गई।
महिला का आरोप है कि उसके पति का संबंध एक अन्य शादीशुदा महिला से चल रहा है, जिसके कारण उसके परिवार की शांति पूरी तरह से भंग हो गई है। महिला ने पुलिस से मांग की कि उसके पति और कथित प्रेमिका को तुरंत थाने बुलाया जाए।
कोतवाली परिसर में महिला काफी देर तक इसी मांग पर अड़ी रही। उसके हंगामे को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और फरियादी भी हैरान रह गए। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बावजूद आरोपी पति और उसकी कथित प्रेमिका थाने नहीं पहुंचे, जिससे महिला का गुस्सा और बढ़ गया।
स्थिति बिगड़ती देख महिला सेल प्रभारी सुनीता कुंवर ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने पीड़िता को समझाकर शांत कराया और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद कि जल्द ही दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग कराई जाएगी, महिला शांत हुई और घर लौट गई।
फिलहाल पुलिस इस पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है। हालांकि, हल्द्वानी कोतवाली में हुआ यह ‘पति-पत्नी और वो’ का ड्रामा पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।

उत्तराखंड