

रेलवे स्टेशन पर उतरे हिमवीर, स्वच्छता का दिया संदेश!
आईटीबीपी जवानों ने लालकुआं स्टेशन परिसर में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान!
लालकुआं। दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत 34वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), हल्दूचौड़ के हिमवीरों ने गुरुवार को लालकुआं रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। सेनानी राजेश कुमार जोशी के निर्देश पर आयोजित अभियान में आईटीबीपी जवानों और रेलवे कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से श्रमदान कर स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।
हिमवीरों ने स्टेशन परिसर में जगह-जगह फैले कूड़े को एकत्र कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया। साथ ही यात्रियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।
अभियान के दौरान स्वच्छ वातावरण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया गया। आईटीबीपी अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की रोजमर्रा की आदत का हिस्सा बननी चाहिए। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन के साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
गृह मंत्रालय की ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान गतिविधि के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर हिमवीरों की पहल ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
