खबरें शेयर करें -

ऊंचापुल चौराहे पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण की जद में आए कई भवन ध्वस्त — जाम से राहत की दिशा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी।
शहर के सबसे व्यस्त और जाम से जूझते ऊंचापुल चौराहे पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चल ही गया। लंबे समय से अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान इस चौराहे के चौड़ीकरण के लिए गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क की सीमा में आ रहे कई भवनों और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ ऊंचापुल पहुंची और चिन्हित अतिक्रमणों को बुलडोजर से तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान सड़क सीमा में आ रहे कई निर्माण ध्वस्त किए गए, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊंचापुल चौराहा हल्द्वानी के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है। यहां से काठगोदाम, मुखानी, बरेली रोड और रामपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों का भारी दबाव रहता है। सड़क संकरी होने और दोनों ओर अतिक्रमण के कारण यहां आए दिन लंबा जाम लग जाता था, जिससे आम लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती थी।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कर दिए।
उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात पहले की तुलना में काफी सुगम हो जाएगा और ऊंचापुल चौराहे पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान में सहयोग करें।

उत्तराखंड