खबरें शेयर करें -

हिंसक वन्यजीवों की आवाजाही के बावजूद अंधेरे में छोड़े गए सिंचाई ट्यूबवेल और नक्के, गंगापुर कबड़वाल के ग्रामीण बोले—शिकायत दर्ज, फिर भी कार्रवाई शून्य!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
विकासखंड हल्द्वानी की ग्राम पंचायत गंगापुर कबड़वाल में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी अब ग्रामीणों के सब्र की परीक्षा लेने लगी है। गांव में पेयजल आपूर्ति से जुड़े ट्यूबवेल नाकों पर सोलर लाइटें आज तक नहीं लगाई गईं, जबकि यह समस्या वर्षों से पंचायत के संज्ञान में बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि के समय ट्यूबवेल क्षेत्रों में घना अंधेरा बना रहता है, जिससे पानी लगाने वाले काश्तकारों को   रोज़ाना खतरे का सामना करना पड़ता है। कई बार गिरने और चोटिल होने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, साथ ही ग्रामपंचायत बन क्षेत्र से सटी होने के चलते रात्रि में लगातार हो रही हिंसक वन्यजीवों की आवाजाही के चलते अनहोनी की चिंता बनी रहती है,लेकिन इसके बावजूद पंचायत स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार,
“हमने यह मुद्दा कई बार ग्राम पंचायत बैठकों में उठाया। बाकायदा पंचायत रजिस्टर में शिकायत भी दर्ज है, फिर भी न लाइट लगी और न ही कोई जवाब मिला।”
ग्रामीणों ने पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कुछ चुनिंदा स्थानों पर बिना किसी विधिवत प्रस्ताव के सोलर लाइटें लगाई गईं, जबकि वास्तविक जरूरत वाले ट्यूबवेल नाके आज भी अंधेरे में हैं। इससे पंचायत में मनमानी और भेदभाव के आरोप लग रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि—
ट्यूबवेल नाकों पर तत्काल सोलर लाइटें लगाई जाएं,
पंचायत रिकॉर्ड में दर्ज शिकायतों की समयबद्ध समीक्षा हो,
और निजी हित साधने के उद्वेश्य से बिना प्रस्ताव के कराए गए कार्यों की  निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।
दर्पण न्यूज 24/7 के जनसरोकार अभियान ‘मिशन गंगापुर कबड़वाल’ के तहत यह मामला सामने आया है। अभियान का उद्देश्य केवल खबर दिखाना नहीं, बल्कि गांवों में वर्षों से चली आ रही अनदेखी को उजागर कर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाना है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि यदि अब भी उनकी आवाज़ अनसुनी की गई, तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने को मजबूर होंगे।

उत्तराखंड