लालकुआं से दौड़ी कुमाऊं की उम्मीदों की ट्रेन!
सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी, लालकुआं-बेंगलुरु स्पेशल एक्सप्रेस का शुभारंभ।
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने शनिवार शाम 5:45 बजे लालकुआं रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 से लालकुआं-बेंगलुरु स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन (05074) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि कुमाऊं से वर्तमान में मुंबई के लिए तीन, बेंगलुरु के लिए एक, कोलकाता के लिए दो, दिल्ली के लिए चार एवं भुज के लिए एक ट्रेन लगातार संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कुमाऊं से वंदे भारत ट्रेन शुरू कराने के लिए रेल मंत्रालय पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लालकुआं रेलवे स्टेशन का विस्तार कार्य तेज गति से चल रहा है और जल्द ही यह उत्तराखंड का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन बनने जा रहा है। यहां से देश के विभिन्न महानगरों के लिए सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन होगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में एडीआरएम मनोज कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुशवाहा, सीडीओ प्रकाश कुमार, भाजपा पदाधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि सहित भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। ट्रेन के शुभारंभ पश्चात सांसद ने स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं।
फोटो परिचय — लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बेंगलुरु स्पेशल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट व अन्य।
