खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड महिला फुटबाल संघ के उपाध्यक्ष बने बिंदुखत्ता के लखन मेहता!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून/लालकुआं। देहरादून स्थित होटल अलकनंदा में आयोजित उत्तराखंड महिला फुटबाल संघ की वार्षिक आम सभा में संगठन के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। बैठक में प्रदेश में महिला फुटबाल को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
आम सभा में गोदावरी थापली को उत्तराखंड महिला फुटबाल संघ का अध्यक्ष चुना गया, जबकि बिंदुखत्ता निवासी लखन मेहता को संघ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके चयन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और उनसे महिला फुटबाल को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में हेमंत थापा को भारतीय महिला फुटबाल महासंघ का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं वीरेंद्र दान को प्रदेश उपसचिव तथा नैनीताल जिले का सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई।
सभा को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में महिला फुटबाल को बढ़ावा देने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठित और प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने खेल के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

उत्तराखंड