खबरें शेयर करें -

461 करोड़ से सुधरेंगे भूस्खलन प्रभावित मार्ग, चारधाम यात्रा होगी सुरक्षित!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो!
देहरादून। उत्तराखंड के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सड़क सुधार और उपचार कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 461 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे प्रदेश के लिए बड़ी राहत बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से राज्य की सड़क अवसंरचना मजबूत होगी और भूस्खलन से होने वाले खतरे में कमी आएगी। साथ ही दुर्गम और सीमांत क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा।
केंद्र की स्वीकृति के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार के लिए 233 करोड़ रुपये और पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर तीन संवेदनशील स्थलों के लिए 228 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एनएच-134 चारधाम यात्रा का प्रमुख मार्ग है, जो धरासू से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। भूस्खलन के कारण यहां अक्सर यातायात प्रभावित होता रहा है। कार्य पूर्ण होने पर मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
एनएच-9 के सुधार से सीमांत क्षेत्रों तक निर्बाध संपर्क स्थापित होगा, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने के साथ सामरिक दृष्टि से भी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए 325 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुरोध किया। उन्होंने आगामी कुंभ मेला 2027 को देखते हुए विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और शहरी ढांचे के विकास के लिए भी सहयोग मांगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से चारधाम यात्रा सुरक्षित होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की आपदा प्रबंधन क्षमता मजबूत होगी।