- विश्व दुग्ध दिवस पर नैनीताल दुग्ध संघ की बड़ी पहल, 701वीं महिला दुग्ध समिति का शुभारंभ।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने पर्वतीय क्षेत्र में दुग्ध सहकारिता को नई मजबूती देते हुए अपनी 701वीं महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादकों को स्वस्थ दुग्ध उत्पादन किट एवं बोनस वितरित कर सम्मानित किया गया।
कुमियाखाल दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों दुग्ध उत्पादकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध सहकारिता आंदोलन ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिक उन्नति का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने किसानों से गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारी समितियों को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नई महिला समिति स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने और सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर भांकर दुग्ध उत्पादक सहकारी महिला समिति का विधिवत उद्घाटन किया गया। समिति के गठन पर ग्राम प्रधान नवीन चंद्र आर्या, सामाजिक कार्यकर्ता नितेश बिष्ट, समिति अध्यक्ष आशा देवी और सचिव खुशबू सहित क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता खीमा शर्मा, ज्येष्ठ प्रमुख उमेश चंद्र पड़लिया, जिला पंचायत प्रतिनिधि कमलेश भट्ट, पूर्व ग्राम प्रधान कमलेश आर्या समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष भुवनी देवी एवं सचिव ईश्वरी दत्त पड़लिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “सशक्त किसान, समृद्ध गांव और मजबूत सहकारिता ही विकसित भारत की आधारशिला है।”
कार्यक्रम में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, पर्वतीय क्षेत्र प्रभारी हरीश आर्या, यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा, सहायक प्रबंधक मीना रौतेला सहित दुग्ध संघ के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
