एनजीटी के न्यायाधीश डॉ. अफरोज अहमद कल करेंगे नैनीताल में पर्यावरणीय योजनाओं की समीक्षा!
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल
जनपद नैनीताल में पर्यावरण संरक्षण और जिला पर्यावरण योजना से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक 2 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि एनजीटी की प्रधान पीठ, नई दिल्ली के सदस्य एवं न्यायाधीश डॉ. अफरोज अहमद की अध्यक्षता में यह बैठक पूर्वाह्न 11 बजे नैनीताल क्लब में होगी।
बैठक में जनपद के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान जिले की पर्यावरणीय स्थिति, जिला पर्यावरण योजना के निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न मामलों में एनजीटी द्वारा पारित आदेशों एवं निर्णयों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
प्रशासन द्वारा वन विभाग एवं उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को बैठक के लिए नोडल विभाग नामित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को अद्यतन सूचनाओं एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
यह बैठक जनपद में पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की प्रगति का आकलन करने तथा भविष्य की कार्ययोजना तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
— दर्पण न्यूज 24/7
