खबरें शेयर करें -

घर के पास घात लगाए तेंदुए ने महिला को बनाया निवाला, जंगल में घसीटकर मौत; धारी ब्लॉक में दहशत।
नैनीताल। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में तेंदुए ने घर के नजदीक मवेशियों के लिए चारा लेने जा रही महिला पर हमला कर उसे जंगल में घसीटते हुए ले जाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा निवासी हेमा देवी (पत्नी गोपाल सिंह) शुक्रवार सुबह जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
घटना के वक्त महिला के देवर ने तेंदुए को हेमा देवी को ले जाते हुए देखा। उन्होंने शोर मचाया और पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुआ महिला को नहीं छोड़ सका और जंगल की ओर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने जंगल में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद महिला का शव जंगल से बरामद किया गया। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उत्तराखंड