रातों-रात गायब हो गया घर का मुख्य दरवाजा, सीसीटीवी के खुलासे ने सबको चौंकाया!
देहरादून में पड़ोसी की करतूत आई सामने, पुरानी रंजिश में काट ले गया पूरा लोहे का गेट!
दर्पण न्यूज 24/7 | देहरादून
राजधानी देहरादून में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया। एक मकान मालिक जब परिवार सहित बाहर से लौटे तो उनके घर का मुख्य लोहे का गेट रहस्यमय ढंग से गायब मिला। शुरुआत में मामला किसी संगठित चोरी जैसा लग रहा था, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो सामने आई सच्चाई ने सभी को चौंका दिया।
मामला डालनवाला थाना क्षेत्र के आंबेडकर मार्ग, डीएल रोड का है। यहां रहने वाली गुलनार बानो ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जून को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गई थीं। अगले दिन लौटने पर देखा कि घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा लोहे का गेट गायब है। गेट के अचानक लापता होने से परिवार के लोग भी हैरान रह गए।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी तनवीर अहमद खान से लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और उन्हें उसी पर संदेह है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति ग्राइंडर मशीन की मदद से लोहे के गेट को काटते और फिर उसे अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने 67 वर्षीय तनवीर अहमद खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया करीब छह फीट लंबा और छह फीट चौड़ा लोहे का गेट बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार गेट को सहस्रधारा रोड स्थित हिल व्यू अपार्टमेंट के पास दुर्गा एन्क्लेव-दो के एक खाली प्लॉट में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पड़ोसी से चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग यह सोचकर हैरान हैं कि आपसी दुश्मनी किसी को इस कदर भी अंधा कर सकती है कि वह पड़ोसी के घर का पूरा मुख्य गेट ही काटकर उठा ले जाए।
दुश्मनी का ऐसा बदला पहले नहीं देखा हो
