खबरें शेयर करें -

17 दिन से दो मासूमों संग लापता विवाहिता, मां के इंतजार में मासूम की आंखें पथराईं!

पति का आरोप— बहनोई बहला-फुसलाकर ले गया पत्नी, पुलिस पर भी उठे सवाल!

दर्पण न्यूज 24/7

लालकुआं। नगर की एक विवाहिता अपने दो मासूम बच्चों को साथ लेकर पिछले 17 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। पत्नी और बच्चों की तलाश में पति दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है, जबकि घर में रह गया छह वर्षीय बेटा अपनी मां के इंतजार में हर रोज बिलख रहा है। मामले में पति ने अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप अपने ही बहनोई पर लगाया है।

पीड़ित संजय पुत्र सीताराम, निवासी तिवारी नगर, वार्ड नंबर-6, रेलवे बाजार, लालकुआं ने बताया कि उसका विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व काजल शर्मा से हुआ था। दंपति के तीन बच्चे हैं—दीपक (6 वर्ष), देव (3 वर्ष) और पवन (1 वर्ष)।

संजय के अनुसार, 10 जून 2026 की रात करीब 10 बजे उसकी पत्नी बिना किसी को बताए घर से चली गई। जाते समय वह अपने दोनों छोटे बच्चों देव और पवन को भी साथ ले गई तथा घर में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गई। सबसे बड़ा बेटा दीपक घर पर ही रह गया, जो पिछले 17 दिनों से अपनी मां को याद कर रो-रोकर बेहाल है।

पीड़ित का कहना है कि उसने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन पत्नी और दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। उसे आशंका है कि उसकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसने आरोप लगाया कि उसका बहनोई सचिन उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। दोनों के मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।

संजय ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने लालकुआं कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दे दी थी, लेकिन 17 दिन बीत जाने के बावजूद पत्नी और दोनों मासूम बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है। इससे पूरा परिवार गहरी चिंता और मानसिक तनाव में है।

अब पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द पत्नी और दोनों बच्चों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। वहीं क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

उत्तराखंड