खबरें शेयर करें -

लालकुआं बोर्ड बैठक में 25 से अधिक प्रस्ताव पास, प्रदूषण पर सख्ती और गौशाला निर्माण पर बड़ा फैसला!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं की बोर्ड बैठक में नगर विकास से जुड़े 25 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में ध्वनि और वायु प्रदूषण से बढ़ रही गंभीर बीमारियों पर चिंता जताते हुए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सैन्चुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन को बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर प्रदूषण के मुद्दे पर जवाब देने के लिए बुलाने का फैसला भी लिया गया।
नगर पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया। बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित निष्प्रयोज्य भूमि पर गौशाला निर्माण और उसके संचालन को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा खरीद-फरोख्त वाले भवनों के भवनकर में दर्ज नामों के नामांतरण के लिए विक्रेता और क्रेता द्वारा स्टाम्प शुल्क जमा कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
नगर के विकास को गति देने के लिए हाट बाजार स्थल पर बहुउद्देशीय कॉम्प्लेक्स निर्माण पर भी चर्चा हुई। वहीं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में नगर पंचायत के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर नागरिकों के लिए स्वच्छता गोष्ठी और आभार कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही गर्मी से राहत के लिए सार्वजनिक स्थलों पर वॉटर कूलर लगाने, तहसील गेट निर्माण, एमआरएफ सेंटर के विस्तार, मुख्य मार्गों के दोनों ओर सौंदर्याकरण कार्य और सभी वार्डों में स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित करने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में नगर पंचायत के सभी सभासदों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

उत्तराखंड