सुप्रसिद्ध कैंची मेले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस का चाक-चौबंद इंतजाम।
सीसीटीवी, ड्रोन और अतिरिक्त पुलिस बल से होगी निगरानी, आधी रात तक खुलेंगी दुकानें।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
हल्द्वानी/भीमताल। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव एवं कैंची धाम मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
15 जून को आयोजित होने वाले भव्य मेले और भंडारे में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।
उन्होंने बताया कि 11 से 16 जून तक कैंची धाम यात्रा मार्ग से जुड़े नैनीताल, भीमताल, भवाली, हल्द्वानी, काठगोदाम और रामनगर क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठान मध्यरात्रि तक खुले रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भोजन, दवाइयां, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सेवाएं सहजता से उपलब्ध हो सकें। पुलिस इन प्रतिष्ठानों के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग करेगी।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र एवं संपर्क मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्लाइड बैरियर, दिशा सूचक बोर्ड और सूचना पट्ट लगाए जाएंगे। अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उधर, कैंची धाम में बाबा के भक्तों के लिए प्रसाद स्वरूप मालपुए बनाने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। मथुरा से पहुंचे 30 से अधिक कारीगर शुक्रवार से हनुमान चालीसा पाठ के बीच शुद्ध देशी घी से मालपुए तैयार करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए दो लाख से अधिक मालपुए बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। परंपरा के अनुसार मालपुए निर्माण में वही श्रद्धालु सहभागी बन सकता है जो व्रत रखकर धोती-कुर्ता धारण करे और निरंतर हनुमान चालीसा का पाठ करता रहे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासनिक तैयारियों ने यह संदेश दिया है कि देवभूमि उत्तराखंड के इस ऐतिहासिक और आस्था के महाकुंभ को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
