नैनीताल की दीक्षा ने रचा सफलता का इतिहास, शहर में किया टॉप।
आईएएस बनने का सपना, पत्रकार पिता के घर जश्न का माहौल।
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर नैनीताल की होनहार छात्रा दीक्षा जोशी ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में शहर में शीर्ष स्थान प्राप्त कर नई मिसाल कायम की है। इतिहास विषय में शत-प्रतिशत अंक हासिल करने वाली दीक्षा की इस उपलब्धि से परिवार समेत पूरे शहर में खुशी की लहर है।
मूल रूप से चंपावत जिले के चनोड़ा गांव निवासी दीक्षा ने नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन को अपनी सफलता का आधार बताया। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट से दूरी बनाकर प्रतिदिन करीब छह घंटे पढ़ाई की। इससे पहले हाईस्कूल परीक्षा में भी उन्होंने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया था।
दीक्षा का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्नातक के साथ ही सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
दीक्षा की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके पिता किशोर जोशी नैनीताल में दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रभारी हैं, जबकि माता आशा जोशी उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के राज्य स्तरीय शहरी विकास संस्थान में प्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। परिवार में शुरू से ही शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक माहौल मिलने से दीक्षा को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
दीक्षा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, दादी, गुरुजनों और परिवारजनों को दिया है। उनकी शानदार सफलता पर शुभचिंतकों और परिचितों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
