खबरें शेयर करें -

धान रोपाई से पहले सिंचाई संकट पर पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने की जिलाधिकारी से मुलाकात!

क्षतिग्रस्त कुलावों की तत्काल मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु करे जाने की कि मांग।

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। आगामी धान रोपाई सीजन में किसानों को सिंचाई पानी की संभावित समस्या को लेकर पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने शुक्रवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।

हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि जमरानी नहर निर्माण कार्य और एनएच-109 परियोजना के चलते क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर नहर कुलावे बंद या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे धान रोपाई के दौरान किसानों के सामने पानी का संकट खड़ा होने की आशंका है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 22 मई को उन्होंने स्थानीय काश्तकार हरीश भट्ट, सुरेंद्र जीना, जीवन बोरा और राजेंद्र फुलारा सहित अन्य लोगों के साथ क्षेत्र के विभिन्न सिंचाई कुलावों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कुलावों की खराब स्थिति सामने आई, जिसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई।

पूर्व विधायक दुम्का ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए क्षतिग्रस्त कुलावों की तत्काल मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु कराई जाए, ताकि धान रोपाई प्रभावित न हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

उत्तराखंड