खबरें शेयर करें -

केंद्र सरकार की योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सांसद अजय भट्ट!
दिशा समिति की बैठक में योजनाओं की गहन समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!
दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। सांसद अजय भट्ट ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
सांसद भट्ट ने कहा कि दिशा समिति की बैठकों की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री स्तर पर होती है, इसलिए सभी विभाग योजनाओं के कार्यों को गंभीरता से लेते हुए पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं से जुड़ी जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करें तथा योजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ही कराया जाए, ताकि जनता तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।
बैठक के दौरान शक्तिगढ़ के अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को उनसे स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं काशीपुर क्षेत्र में विद्युत विभाग के कार्यों पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को पूरे मामले की समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
गर्मी का मौसम शुरू होने के मद्देनज़र सांसद ने पेयजल और बिजली विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइनों और ओवरहेड टैंकों की मरम्मत समय पर की जाए तथा जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही नलकूपों में लगे ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों को मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि योजना के तहत खोदी गई सड़कों को शीघ्र ठीक किया जाए और पेयजल लाइनों की लीकेज को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सांसद ने आनंदखेड़ा, बेतखेड़ी और बुक्सौरा पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई और वसूली के निर्देश भी दिए। इसके अलावा ग्राम छिनकी में नलकूप की दोबारा बोरिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक शिव अरोरा ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्डों में पेयजल समस्या का मुद्दा उठाते हुए लाइनों की मरम्मत कराने की मांग की।
सांसद भट्ट ने रुद्रपुर बाईपास निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे अधिकारियों को छत्तरपुर अंडरपास निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने बाजपुर क्षेत्र में लेवड़ा नदी से होने वाले जलभराव और बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए पुल निर्माण और नदी क्षेत्र की पुलियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, अमृत योजना, अमृत सरोवर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, समग्र शिक्षा अभियान, पीएम उज्ज्वला योजना 3.0, पीएम पोषण योजना, सांसद निधि, पंतनगर एयरपोर्ट सहित कई योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री मुकेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रभा, नगर पालिका गदरपुर के चेयरमैन मनोज गुम्बर, दिशा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड