देवभूमि में हैवानियत: पर्यटक युवती से दुष्कर्म का प्रयास, मानसिक रूप से बीमार युवती पर भी दरिंदगी की कोशिश
टैक्सी चालक गिरफ्तार, जंगल में कलवर्ट के नीचे रात बिताने को मजबूर हुई दिल्ली की युवती — हल्द्वानी में पड़ोसियों ने आरोपी ऑटो चालक को दबोचा!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो नैनीताल/हल्द्वानी। पर्यटन नगरी नैनीताल और हल्द्वानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दो सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर दिल्ली से नैनीताल घूमने आई युवती के साथ टैक्सी चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया, वहीं हल्द्वानी में मानसिक रूप से बीमार युवती के साथ दरिंदगी की कोशिश का मामला सामने आया। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
टैक्सी चालक ने की हैवानियत की कोशिश, जंगल में छिपकर बचाई जान
दिल्ली की 31 वर्षीय युवती काठगोदाम से टैक्सी में बैठकर नैनीताल आ रही थी। आरोप है कि रास्ते में बल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की।
युवती किसी तरह अपनी जान बचाकर जंगल की ओर भाग गई, जबकि आरोपी उसका मोबाइल और सामान लेकर फरार हो गया। डरी-सहमी युवती ने पूरी रात जंगल के बीच सड़क के नीचे एक कलवर्ट में छिपकर बिताई। बताया जा रहा है कि जिस इलाके में युवती रातभर छिपी रही वहां गुलदार और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही रहती है।
शुक्रवार सुबह वह पैदल आडूखान से बल्दियाखान पहुंची। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल ने पुलिस को जानकारी दी। तल्लीताल पुलिस की महिला उपनिरीक्षक बबीता ने मौके पर पहुंचकर युवती को संरक्षण में लिया और बीडी पांडे अस्पताल में उसका मेडिकल कराया।
पुलिस ने मामले में दुष्कर्म के प्रयास सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 39 वर्षीय टैक्सी चालक, निवासी फतेहपुर (हल्द्वानी) को गिरफ्तार कर लिया है।
मानसिक रूप से बीमार युवती के घर में घुसा ऑटो चालक
उधर हल्द्वानी के नवाबी रोड वार्ड-11 में भी दरिंदगी की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां मानसिक रूप से बीमार 28 वर्षीय युवती के घर में देर रात एक ऑटो चालक खिड़की की दीवार तोड़कर घुस गया और उसके साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
युवती के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
स्थानीय पार्षद रवि जोशी और क्षेत्र की महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी टेंपो चालक करन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने मानसिक रूप से असहाय महिला के साथ अपराध करने की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोगों में भारी आक्रोश
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से नैनीताल और हल्द्वानी क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम करने की मांग उठाई है।
