खबरें शेयर करें -

गुणवत्ता से समझौता नहीं, घटिया काम पर होगी कार्रवाई : कैड़ा!
पदमपुरी-धारी मार्ग के डामरीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री ने किया औचक निरीक्षण!
दर्पण न्यूज 24/7 | भीमताल
क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को चाफी से धारी तक चल रहे हॉटमिक्स डामरीकरण कार्य का औचक निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता की गहन पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने कहा कि पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यह महत्वपूर्ण मार्ग पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे पर्वतीय जिलों को भी जोड़ता है, इसलिए इसकी मजबूती और गुणवत्ता बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मार्ग के डामरीकरण के लिए 9 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार बार-बार बजट स्वीकृत नहीं कर सकती, इसलिए कार्य ऐसा हो जो वर्षों तक टिकाऊ साबित हो।
कैड़ा ने निर्माण एजेंसी को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में लगातार सड़क सुधार और डामरीकरण कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था मजबूत हो सके।
फोटो कैप्शन: चाफी-धारी मार्ग पर डामरीकरण कार्य का निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा।