खबरें शेयर करें -

EXCLUSIVE NEWS दर्पण न्यूज 24/7|

पार्किंग के नाम पर खुली लूट!
अवैध वसूली से त्रस्त वाहन स्वामियों का उग्र प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपी गाड़ियों की चाबियां
करन तिवारी रामनगर | दर्पण न्यूज 24/7
पर्वतीय क्षेत्रों से रामनगर आने वाले टैक्सी और प्राइवेट वाहन चालकों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। नगर पालिका के ठेकेदार और उसके कर्मचारियों पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली, अभद्रता और मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए दर्जनों वाहन स्वामी तहसील परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उग्र प्रदर्शन किया।
आक्रोशित वाहन चालकों ने विरोध के प्रतीक स्वरूप अपने वाहनों की चाबियां एसडीएम प्रमोद कुमार को सौंप दीं और चेतावनी दी कि यदि अवैध वसूली पर तत्काल रोक नहीं लगी तो चक्का जाम किया जाएगा।
पहले भी दिए गए थे रोक के आदेश, फिर भी वसूली जारी
अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र से पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंचे वाहन चालकों ने बताया कि करीब दो माह पूर्व भी इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराया गया था। उस समय एसडीएम ने नगर पालिका को पार्किंग शुल्क वसूली बंद करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, लेकिन आदेशों के बावजूद ठेकेदार के कर्मचारी आज भी जबरन वसूली कर रहे हैं।
पार्किंग व्यवस्था ही नहीं, फिर किस बात का शुल्क?
नारायण सिंह रावत ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा शहर में कहीं भी विधिवत पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में पार्किंग के नाम पर पैसे वसूलना पूरी तरह नियम विरुद्ध है। पैसा न देने पर वाहन चालकों के साथ अभद्रता और मारपीट तक की जा रही है, जो सीधे तौर पर गुंडागर्दी है।
एसडीएम बोले— आरोप गंभीर, होगी कार्रवाई
एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि वाहन स्वामियों द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से वार्ता कर जल्द समाधान निकाला जाएगा। यदि जांच में ठेकेदार या उसके कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली और दबंगई की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य रंजीत सिंह रावत, रतन वर्मा, पप्पू बिष्ट, तारा सिंह, दीवान सिंह, संतोष कुमार, भुप्पी आर्य, पंकज बोहरा, दलीप सिंह सहित अनेक वाहन स्वामी मौजूद रहे।