

राष्ट्रीय क्रिकेट चैंपियनशिप में पार्थ का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन।
टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में निभाई अहम भूमिका, अंतरराष्ट्रीय दौरे के संभावित दावेदारों में शामिल।
हल्दूचौड़। इंद्रा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र पार्थ ततराड़ी ने अलीगढ़ में आयोजित प्रथम अंडर-14 राष्ट्रीय क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के दौरान पार्थ ने बल्लेबाजी के साथ-साथ मैदान पर महत्वपूर्ण रन आउट में अहम योगदान दिया।
पार्थ का चयन कुमाऊं जोन ट्रायल के माध्यम से गौलापार स्थित वेंडी क्रिकेट ग्राउंड में हुआ था। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रदर्शन के दम पर टीम ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
पार्थ के इस प्रदर्शन के बाद उन्हें आगामी अंडर-14 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर के संभावित खिलाड़ियों में शामिल किए जाने की उम्मीद है।
पार्थ की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक उमाशंकर जोशी, प्रधानाचार्या कमला जोशी और विद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि पार्थ की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
