स्कूल में छात्रा से कथित छेड़खानी का मामला, शिक्षक और एनसीसी अधिकारी पर पॉक्सो में मुकदमा!
उत्तरकाशी के मनेरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा मामला, छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच!
उत्तरकाशी। जिले के मनेरी थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय में एनसीसी की कक्षा के दौरान एक शिक्षक ने छात्रा को एनसीसी अधिकारी के बुलाने की बात कहकर एक कक्ष में भेजा, जहां उसके साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार किया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। छात्रा के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। छात्रा के बयान समेत घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
वहीं, विद्यालय में छात्रा से कथित छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद छात्राओं की सुरक्षा और स्कूल परिसर में निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पूरे घटनाक्रम में वास्तविकता क्या है और आरोपितों की भूमिका कितनी है।
