उधमसिंहनगर में 10 से 12 जून तक प्लेसमेंट ड्राइव, 1020 पदों पर होगी भर्ती!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो रुद्रपुर। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय उधमसिंहनगर द्वारा 10 से 12 जून तक विभिन्न स्थानों पर प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में आयोजित इन रोजगार मेलों में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल ने बताया कि पहली प्लेसमेंट ड्राइव 10 जून को प्रातः 10 बजे खंड विकास कार्यालय सभागार, खटीमा तथा दूसरी प्लेसमेंट ड्राइव 11 जून को प्रातः 10 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, आजादनगर सितारगंज में आयोजित होगी। इन दोनों प्लेसमेंट ड्राइव में क्वेस कॉर्प-टाटा मोटर्स लिमिटेड, पंतनगर द्वारा एनएपीएस ट्रेनी पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
एनएपीएस ट्रेनी पद हेतु इंटरमीडिएट, स्नातक अथवा आईटीआई (कोपा एवं सिविल ट्रेड को छोड़कर) उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 11,952 रुपये से 13,952 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ 2,000 रुपये इंसेंटिव दिया जाएगा। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। कंपनी द्वारा कुल 1000 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अतिरिक्त तीसरी प्लेसमेंट ड्राइव 12 जून को प्रातः 10 बजे जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर, पुलिस लाइन रोड रुद्रपुर में आयोजित होगी। इसमें क्राफ्ट्समैन सेक्टर-6, पंतनगर द्वारा कारपेंटर, पेंटर, असेम्बलर और हेल्पर पदों पर भर्ती की जाएगी।
कारपेंटर पद के लिए संबंधित कार्य में दक्षता तथा पेंटर पद के लिए पेंटिंग कार्य का अनुभव आवश्यक है। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 13,110 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा, जबकि अनुभव और कार्य दक्षता के आधार पर अधिक वेतन भी प्रदान किया जा सकता है। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है तथा केवल पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। कंपनी द्वारा कुल 20 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल ने जनपद के बेरोजगार युवाओं से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने मूल शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बायोडाटा के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष संख्या 05944-250691, 7252030704 एवं 9736333606 पर संपर्क कर सकते हैं।
