खबरें शेयर करें -

हल्दूचौड़ कट पर गरमाई सियासत

विधायक मोहन बिष्ट ने अधिकारियों को मौके पर बुलाया, पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने दी समन्वय की नसीहत।

दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कट खोले जाने का मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और बढ़ते जनदबाव के बीच मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को मौके पर तलब कर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने अधिकारियों से जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान निकालने की बात कही।

विधायक बिष्ट ने कहा कि हल्दूचौड़ क्षेत्र की बड़ी आबादी इस कट के बंद होने से प्रभावित हो रही है। लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में जनहित को देखते हुए व्यवहारिक समाधान जरूरी है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

इधर, मामले ने उस समय और राजनीतिक तूल पकड़ लिया जब पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन दुम्का ने मीडिया के सामने बयान देते हुए जनप्रतिनिधियों को टकराव की राजनीति से बचने की सलाह दी। दुम्का ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान आपसी समन्वय और सकारात्मक पहल से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक, ग्राम प्रधान और एनएचएआई अधिकारियों को मिलकर जनता की परेशानियों का हल निकालना चाहिए।

पूर्व विधायक दुम्का ने कहा कि पूर्व में भी एनएचएआई ने जनहित को ध्यान में रखते हुए हल्दूचौड़ गन्ना सेंटर के पास कट छोड़ा था, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली थी। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि मजबूती से जनता की आवाज उठाएं तो हर समस्या का समाधान निकल सकता है।

एक ही दिन विधायक मोहन बिष्ट की सक्रियता और नवीन दुम्का के बयान के बाद हल्दूचौड़ कट का मुद्दा राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गया है। अब क्षेत्र की जनता की निगाहें एनएचएआई के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।