खबरें शेयर करें -

“लालकुआं में गरमाई कांग्रेस की सियासत, जिला अनुशासन समिति के अध्यक्ष उमेश कबड़वाल की भावुक अपील से बढ़ी 2027 की हलचल”!

दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं

लालकुआं विधानसभा में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर सियासी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसी बीच जिला कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उमेश चंद्र कबड़वाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से एक लंबी, भावुक और राजनीतिक संदेशों से भरी अपील जारी कर अपनी मजबूत दावेदारी का संकेत दे दिया है।

“मिशन_2027” शीर्षक से जारी इस अपील में उमेश कबड़वाल ने अपने परिवार की कांग्रेस विचारधारा, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी विरासत, दशकों लंबे संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा के सफर को विस्तार से सामने रखा। राजनीतिक गलियारों में इस पोस्ट को केवल भावनात्मक संदेश नहीं बल्कि लालकुआं विधानसभा सीट पर कांग्रेस टिकट की सशक्त दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है।

कबड़वाल ने अपने ताऊ स्वर्गीय मथुरा दत्त कबड़वाल और मामा स्वर्गीय नरोत्तम बमेटा “चेयरमैन साहब” जैसे कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नामों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें बचपन से ही जनसेवा और कांग्रेस विचारधारा की प्रेरणा मिली। उन्होंने ग्राम प्रधान से लेकर युवक कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस और जिला कांग्रेस संगठन में निभाई गई जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए स्वयं को जमीन से जुड़ा कार्यकर्ता बताया।

अपील में उन्होंने यह भी याद दिलाया कि किस प्रकार उन्होंने चौसला-बसानी से लेकर गौलापार, चोरगलिया और बिंदुखत्ता तक कांग्रेस संगठन को गांव-गांव पहुंचाने का काम किया। साथ ही उत्तराखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने का हवाला देकर खुद को संघर्षशील चेहरा साबित करने की कोशिश की।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो लालकुआं विधानसभा में कांग्रेस के भीतर पहले से कई चेहरे सक्रिय हैं और ऐसे समय में उमेश कबड़वाल की यह सार्वजनिक अपील सीधे तौर पर संगठन और हाईकमान को संदेश देने वाली मानी जा रही है। खास बात यह भी रही कि उन्होंने अपने पोस्ट में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं यशपाल आर्या, हरीश रावत, प्रीतम सिंह,सुमित हृदयेश, गणेश गोदियाल तथा राहुल गांधी को टैग कर यह संकेत भी देने का प्रयास किया कि वे संगठन की मुख्यधारा के साथ खुद को मजबूती से जोड़कर देख रहे हैं।

लालकुआं की राजनीति में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस इस बार ऐसा चेहरा तलाश रही है जो संगठनात्मक पकड़ के साथ-साथ जमीनी कार्यकर्ताओं और ग्रामीण वोट बैंक में प्रभाव रखता हो। ऐसे में कबड़वाल की यह भावनात्मक अपील पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नई बहस छेड़ रही है।

हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी किसी भी संभावित प्रत्याशी को लेकर आधिकारिक संकेत नहीं दिए गए हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उमेश कबड़वाल की इस पोस्ट ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि लालकुआं सीट पर 2027 की राजनीतिक जंग अब धीरे-धीरे खुलकर सामने आने लगी है।

उत्तराखंड