खबरें शेयर करें -

बिटिया का जन्मदिन, जरूरतमंदों के नाम!

बिटिया प्रानू के जन्मदिन पर पार्टी और दिखावे से अलग पहल, सनवाल परिवार ने चैरिटेबल ट्रस्ट को दिए ₹21 हजार!

हल्द्वानी: जन्मदिन पर होने वाले खर्च और दिखावे से अलग एक परिवार ने अपनी बिटिया की खुशी को जरूरतमंदों के साथ साझा करने का फैसला किया।  अधिवक्ता प्रकाश सनवाल ने अपनी बेटी प्रानू (प्रनिका) के जन्मदिन पर हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट को ₹21 हजार की सहयोग राशि दी।

सनवाल परिवार की यह पहल इसलिए भी खास है क्योंकि यह पहली बार नहीं है, जब परिवार ने जरूरत के समय मदद के लिए हाथ बढ़ाया हो। गौलापार हादसे के दौरान भी परिवार ने ₹50 हजार की सहायता दी थी।

ट्रस्ट से जुड़े लोगों के मुताबिक, हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना का विचार सामने आने पर सबसे पहले प्रकाश सनवाल से ही चर्चा की गई थी। उन्होंने पहल को प्रोत्साहित करने के साथ ट्रस्ट के कागजी कार्यों में भी सहयोग किया। इसके बाद से वह लगातार जरूरतमंदों की मदद के प्रयासों में सहभागी रहे हैं।

प्रकाश सनवाल की अपनी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही है। उन्होंने हल्द्वानी के मीरा मार्ग में चाय बेचते हुए पढ़ाई जारी रखी और मेहनत के दम पर अधिवक्ता के रूप में मुकाम बनाया। संघर्ष के दिनों ने शायद उन्हें उन परिवारों का दर्द समझना सिखाया, जिन्हें छोटी-सी मदद भी बड़ी राहत दे सकती है।

जरूरतमंदों की मदद के मामले में सनवाल का नजरिया साफ है। जब भी किसी जरूरतमंद की सहायता की बात आती है, उनका कहना रहता है कि सेवा में उनकी भी भागीदारी होनी चाहिए।

बिटिया के जन्मदिन पर ₹21 हजार का यह सहयोग केवल एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि समाज के लिए एक संदेश भी है कि खुशी के अवसरों को जरूरतमंदों के साथ साझा किया जा सकता है। जन्मदिन, शादी-विवाह या सालगिरह जैसे अवसरों पर होने वाले खर्च का एक हिस्सा किसी जरूरतमंद परिवार के काम आए तो उत्सव का अर्थ और बढ़ जाता है।

हीरा एंड टीआर चैरिटेबल ट्रस्ट ने सनवाल परिवार का आभार जताते हुए समाज के लोगों से अपील की कि वे अपनी खुशियों में जरूरतमंदों को भी शामिल करें। मदद की रकम छोटी हो या बड़ी, असली मायने संवेदना और सहयोग की भावना के हैं।

 

 

उत्तराखंड